अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ बातचीत सोमवार दोपहर से शुरू होगी। उन्होंने बताया कि सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और कतर ने अमेरिका से ईरान के खिलाफ नियोजित हमलों को रोकने का अनुरोध किया है।
एयर फोर्स वन पर पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, “होर्मुज स्ट्रेट को लेकर एक डील हुई है और फिर परमाणु को लेकर एक डील होगी या आप इसे ईरान का परमाणु निरस्त्रीकरण कह सकते हैं।” उन्होंने दावा किया कि ईरान ने भी अमेरिका से नियोजित हमलों को वापस लेने का अनुरोध किया था।
अमेरिकी अधिकारी के हवाले से न्यूज एजेंसी एक्सियोस ने बताया कि सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने शनिवार को ट्रंप से फोन पर बात की और ईरान के खिलाफ प्रस्तावित कार्रवाई पर चिंता जताई। सिन्हुआ के अनुसार, पाकिस्तान, कतर, यूएई, तुर्किए समेत कई देशों ने तनाव कम करने की अपील की है।
रविवार को ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका ने ईरान पर सैन्य हमले को टालने पर सहमति जताई है। उन्होंने दावा किया कि प्रस्तावित समझौते में होर्मुज स्ट्रेट को खोलना और ईरान के परमाणु खतरे को खत्म करना शामिल है। ट्रंप ने कहा कि इजरायल ने भी कूटनीतिक रास्ते का समर्थन किया है।
स्रोत: डीडी न्यूज़, प्रसार भारती



